पंचायत मंत्री की विधानसभा में भाजपा को झटका, तीनों प्रत्याशी हारे
बीरोंखाल/कोटद्वार।
सांगठनिक जनपद कोटद्वार की दो विधानसभा यमकेश्वर और लैंसडौन में पड़ने वाले छह विकासखंडों में जहां रिखणीखाल विकासखंड को छोड़कर पांचों ब्लॉक में भाजपा ने परचम लहराया है, वहीं, सांगठनिक जनपद पौड़ी की चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाले तीन विकासखंडों में भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया, जो पंचायत मंत्री सतपाल महाराज के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
चौबट्टाखाल विधानसभा अंतर्गत इस त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा को एकेश्वर, पोखड़ा व बीरोंखाल में प्रमुख पदों पर हार का सामना करना पड़ा। चौबट्टाखाल विधानसभा में इसकी शुरुआत 6 महीने पहले तब हो गई थी, जब एक मात्र नगर पंचायत सतपुली में भाजपा की पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अंजना वर्मा को कांग्रेस के जितेंद्र नेगी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। पिछली बार एकेश्वर ब्लॉक में भाजपा के नीरज पांथरी ब्लॉक प्रमुख थे, लेकिन इस बार कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी पंकज सिंह ने भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी सीमा सजवाण को हराकर प्रमुख पद पर कब्जा कर लिया। पोखड़ा विकासखंड में पूर्व में भाजपा की प्रीति देवी ब्लाॅक प्रमुख थीं, लेकिन इस बार कांग्रेस प्रत्याशी संजय गुसाईं बाजी मार ले गए। बीरोंखाल ब्लॉक में भाजपा के बैनर पर पिछली बार राजेश कंडारी चुनाव जीते थे, लेकिन उन्होंने एक साल बाद ही भाजपा को अलविदा कह कांग्रेस में वापसी कर ली थी। इस बार भाजपा को पराजित कर यहां कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी नेहा नेगी प्रमुख बन गईं। चौबट्टाखाल विधानसभा के तीनों ब्लाॅक प्रमुख पदों पर हार से जहां स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता स्तब्ध है, वहीं, मंत्री व स्थानीय विधायक सतपाल महाराज के लिए यह करारा झटका माना जा रहा है।
उधर, भाजपा के सांगठनिक जनपद कोटद्वार के रिखणीखाल को छोड़कर यमकेश्वर, द्वारीखाल, दुगड्डा, जयहरीखाल व नैनीडांडा में भाजपा के ब्लॉक प्रमुखों ने जीतकर पार्टी का परचम लहराया है। भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल ने पार्टी प्रत्याशियों की जीत पर खुशी जताई है।
More Stories
UPL SEASON 2: बादशाह और नीति मोहन करेंगे दून में धमाकेदार परफॉर्मेंस
अवैध सर्प संग्रहण केंद्र का भंडाफोड़, 70 कोबरा और 16 रसैल वाइपर बरामद
देहरादून में बड़ा खुलासा: आगरा का युवक 6 जिलों में एक ही नाम से सरकारी नौकरी करता पकड़ा गया