हरिद्वार: रुड़की कारागार से पेशी पर लक्सर ले जाए जा रहे कुख्यात बदमाश विनय त्यागी पर अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। लक्सर क्षेत्र में हुए इस जानलेवा हमले में विनय त्यागी को दो गोलियां लगी हैं, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जबकि दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना के दौरान साथ चल रहे कई पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
बुधवार दोपहर पुलिस टीम मेरठ निवासी बदमाश विनय त्यागी को जेल से अदालत में पेशी के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान लक्सर क्षेत्र में पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने पुलिस वाहन को निशाना बनाते हुए अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जवाबी कार्रवाई और सतर्कता के चलते पुलिस टीम सुरक्षित रही, लेकिन बदमाश को गोलियां लग गईं।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है।
हमलावरों की तलाश में सीमावर्ती इलाकों में भी पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित रूटों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह हमला सुनियोजित प्रतीत हो रहा है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही की जांच भी की जा रही है। मामले में जल्द खुलासे का दावा किया गया है।

More Stories
फाल्गुन पूर्णिमा पर पूर्ण चंद्रग्रहण आज: 6:27 बजे से सूतक, 3:27–6:57 तक रहेगा ग्रहण, मंदिर बंद
एपस्टीन फाइल विवाद: देहरादून में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, हरदीप पुरी के इस्तीफे की मांग
चकराता रोड पर गुब्बारे को लेकर बवाल, दो पक्षों पर क्रॉस केस