उत्तराखंड मौसम अलर्ट: अगले 3 दिन भारी बारिश, पहाड़ों में बढ़ा भूस्खलन का खतरा

Share now

उत्तराखंड के पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले में आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश की बौछारें पड़ने की संभावना है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के देहरादून केंद्र ने हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गरज-चमक और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने और पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी रहेगी। मानसून की दस्तक के बाद रुक-रुककर हो रही बारिश से अधिकतम तापमान में सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

चारधाम मार्गों पर बढ़ी सतर्कता

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने और आपदा से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। चारधाम यात्रा मार्गों पर एनएचआईडीसीएल, बीआरओ और जिला प्रशासन की टीमें संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी कर रही हैं ताकि मलबा आने पर मार्ग को जल्द से जल्द खोला जा सके।

प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने, नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा नहीं करने की अपील की है।

अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम

  • 5 जुलाई: प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। कुछ स्थानों पर भारी बारिश और गर्जन के साथ तेज बौछारें पड़ने के आसार हैं।
  • 6 जुलाई: मानसून सक्रिय रहेगा। अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी रहने के साथ कुछ स्थानों पर तेज वर्षा, बिजली चमकने और पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी रहेगी।
  • 7 जुलाई: प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। जबकि पर्वतीय जिलों के संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन तथा सड़क बाधित होने की आशंका बनी रहेगी।