हरिद्वार। धार्मिक आस्था और अंधविश्वास का सहारा लेकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का हरिद्वार पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4.55 लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त लग्जरी एंडेवर कार, आईफोन और तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी “AGHORA” नाम से यूट्यूब चैनल संचालित कर देशभर के लोगों को तंत्र-मंत्र और चमत्कार के नाम पर अपने जाल में फंसाते थे। पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई की रात डायल-112 पर सूचना मिली कि चंडी माता मंदिर के पास समेत ढाबा क्षेत्र में एक व्यक्ति से 4.60 लाख रुपये की ठगी कर एंडेवर कार सवार महिला और दो युवक फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही थाना श्यामपुर पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी। पीड़ित हरियाणा के सोनीपत निवासी विनोद कुमार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर तकनीकी और मैनुअल जांच शुरू की गई।
जांच में पता चला कि आरोपी “AGHORA” नाम से यूट्यूब चैनल चलाकर तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और कथित चमत्कारों से जुड़े वीडियो अपलोड करते थे। इन वीडियो से प्रभावित होकर लोग अपनी पारिवारिक समस्याओं, भूत-प्रेत, ऊपरी बाधा और अन्य परेशानियों के समाधान के लिए उनसे संपर्क करते थे। इसी क्रम में पीड़ित को विशेष पूजा कराने के बहाने हरिद्वार बुलाया गया और 4.60 लाख रुपये लेकर लाल धागे से बंधा मिट्टी का मटका थमाकर मंत्र जाप करने को कहा गया। नकदी से भरा बैग अपनी कार में रखवाने के बाद आरोपी पूजा सामग्री लाने का बहाना बनाकर फरार हो गए। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस ने सभी बॉर्डर चेक पोस्टों को अलर्ट कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चिड़ियापुर माइनिंग चेक पोस्ट के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान मलकीत उर्फ रोकेश शर्मा उर्फ मोहित, मोन्टी जोशी तथा एक महिला के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.55 लाख रुपये नकद, आईफोन 17 प्रो मैक्स, सफेद रंग की एंडेवर कार तथा तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल किया गया मिट्टी का मटका और पूजा सामग्री बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया के जरिए लोगों का विश्वास जीतकर उन्हें अंधविश्वास के नाम पर झांसे में लेते थे और पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र तथा कथित चमत्कार के नाम पर लाखों रुपये और कीमती सामान ठगते थे। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दिया है, जिसकी जांच की जा रही है। हरिद्वार पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के तंत्र-मंत्र, चमत्कार, भूत-प्रेत या ऊपरी बाधा के नाम पर धन मांगने वाले व्यक्तियों अथवा सोशल मीडिया चैनलों के झांसे में न आएं। यदि कोई इस प्रकार की ठगी का प्रयास करे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।

More Stories
देहरादून पहुंचे Rahul Gandhi, जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत, दिवंगत कांग्रेस नेता के जाएंगे घर
हल्द्वानी: गोला पुल पर आत्महत्या रोकने के लिए लगेगा सुरक्षा जाल, डीएम ने बाढ़ सुरक्षा कार्य जल्द पूरा करने के दिए निर्देश
देहरादून: अमृत भारत योजना के तहत बदला हर्रावाला रेलवे स्टेशन का स्वरूप, अब मिलेगा वर्ल्ड क्लास सफर का अनुभव