हल्द्वानी: गोला पुल पर आत्महत्या रोकने के लिए लगेगा सुरक्षा जाल, डीएम ने बाढ़ सुरक्षा कार्य जल्द पूरा करने के दिए निर्देश

Share now

हल्द्वानी। चोरगलिया रोड–गोला पुल लिंक मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य और अधूरी सुरक्षा दीवार को लेकर उठ रहे सवालों के बीच जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने लोक निर्माण विभाग को बाढ़ सुरक्षा कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गोला पुल पर लगातार हो रही आत्महत्या की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा जाल (नेट) लगाने की दिशा में भी पहल शुरू कर दी गई है।

बीते वर्ष मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुए चोरगलिया रोड रेलवे फाटक से गोला पुल को जोड़ने वाले लिंक मार्ग के पुनर्निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि सड़क का मरम्मत कार्य जारी है, लेकिन गोला नदी में बनाई जा रही सुरक्षा दीवार अभी तक पूरी नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है। हाल ही में लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने भी मौके का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने के लिए कहा था।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा बाढ़ सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों में कुछ हिस्सा अभी शेष है। उन्होंने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग हल्द्वानी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा दीवार और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरे किए जाएं। उन्होंने बताया कि एप्रोच मार्ग के कार्य के लिए करीब दो करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है, लेकिन स्वीकृति मिलने से पहले भी विभाग उपलब्ध संसाधनों से आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करे।

जिलाधिकारी ने गोला पुल से लगातार सामने आ रही आत्महत्या की घटनाओं पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पुल को आत्मघाती घटनाओं का केंद्र बनने से रोकने के लिए संबंधित विभागों को पुल पर सुरक्षा जाल (नेट) अथवा अन्य सुरक्षा संरचना लगाने की संभावनाओं का विस्तृत आकलन कर डिटेल प्रोजेक्ट एस्टीमेट (DPE) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य पुल को अधिक सुरक्षित बनाना और भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना है।