उत्तराखंड को मिली नई रेल सौगात! रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव व CM धामी ने दिखाई हरी झंडी, जल्द मिलेंगी और बड़ी रेल परियोजनाएं

Share now

रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस की सौगात: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी, बोले- जल्द उत्तराखंड को मिलेंगी और बड़ी रेल परियोजनाएं

रामनगर/देहरादून। उत्तराखंड के लिए बहुप्रतीक्षित रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस (15310/15309) का शनिवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुभारंभ किया। दोनों नेताओं ने विशेष उद्घाटन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई रेल सेवा से कुमाऊं और गढ़वाल के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन कुमाऊं और गढ़वाल के बीच मजबूत कड़ी साबित होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मुरादाबाद और हरिद्वार रेलखंड पर अत्यधिक दबाव होने के कारण उत्तराखंड को कई नई रेल सुविधाएं देने में कठिनाई आ रही है। इन रेलखंडों पर क्षमता बढ़ाने का कार्य तेजी से चल रहा है और जैसे ही यह कार्य पूरा होगा, उत्तराखंड को और बड़ी रेल परियोजनाओं की सौगात दी जाएगी।

रेल मंत्री ने कहा कि रामनगर से अन्य ट्रेनों के संचालन की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है। वहीं, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उत्तराखंड के जिन रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, उनका निर्माण कार्य जल्द पूरा कर उद्घाटन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ऋषिकेश के पुराने रेलवे स्टेशन को फीडर स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां से अधिकांश ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इससे देहरादून और हरिद्वार रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों का दबाव कम होगा।

रेल मंत्री ने यह भी कहा कि हरिद्वार के समीप स्थित राजाजी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण के कारण ट्रेनों की गति नियंत्रित रखनी पड़ती है, जिससे रेल संचालन प्रभावित होता है। इस विषय पर रेलवे और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान निकाला जाएगा ताकि सुरक्षा के साथ रेलगाड़ियों की गति भी बढ़ाई जा सके।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की सराहना करते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रयासों से यह महत्वपूर्ण रेल सेवा शुरू हो सकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुरादाबाद और हरिद्वार रेलखंड पर चल रहे कार्य पूरे होने के बाद इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में दो दिन से बढ़ाकर पांच दिन तक किया जा सकेगा।

छात्रों, किसानों, व्यापारियों और पर्यटकों को मिलेगा लाभ

रेल मंत्रालय के अनुसार, क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए 15310/15309 रामनगर-देहरादून-रामनगर एक्सप्रेस को स्वीकृति दी गई है। इस ट्रेन से छात्रों, किसानों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। लोग प्रदेश की राजधानी देहरादून और तीर्थनगरी हरिद्वार जाकर उसी दिन अपने कार्य निपटाकर वापस लौट सकेंगे।

इसके अलावा जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान आने वाले पर्यटकों और उत्तराखंड के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को भी इस नई रेल सेवा का सीधा लाभ मिलेगा।

रामनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित उद्घाटन समारोह में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोर्वणकर, इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।