रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से अचानक मलबा और पत्थर आने के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर पैदल आवाजाही एहतियातन रोक दी गई है। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की टीम मौके पर पहुंचकर मार्ग से मलबा और पत्थर हटाने के कार्य में जुटी है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह राजवार ने बताया कि मार्ग की स्थिति सामान्य होने और यात्रियों की आवाजाही के लिए सुरक्षित पाए जाने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें लगातार मौके की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
वहीं, जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से संबंधित टीमों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, मार्ग सुचारू होने और केदारनाथ यात्रा दोबारा शुरू किए जाने के संबंध में अलग से सूचना जारी की जाएगी। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मार्ग खुलने तक सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

More Stories
ऋषिकुल को आयुर्वेद, योग और भारतीय ज्ञान परंपरा के विशिष्ट केंद्र के रूप में विकसित किया जाए : मुख्यमंत्री
इंडियन बैंक ने ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 में पर्सनल बैंकिंग और कैश मैनेजमेंट को नया आयाम देने वाले डिजिटल समाधान लॉन्च किए
नन्दा देवी राजजात में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, एक जोन और चार सेक्टरों में बांटा यात्रा मार्ग