रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं को दिखाई हरी झंडी, मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने का ऐलान
देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं, खिलाड़ियों और प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि किए जाने की घोषणा करते हुए कहा कि इस संबंध में जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब का गठन किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में अब होंगे 50 खेल
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने की घोषणा की। इसमें पारंपरिक खेलों को भी विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। साथ ही प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए निर्धारित कुल धनराशि में भी वृद्धि की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने चैंपियनशिप ट्रॉफी के विभिन्न स्तरों पर विजेता खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि बढ़ाने का भी ऐलान किया। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 200 से बढ़ाकर 300 रुपये और तृतीय पुरस्कार 150 से बढ़ाकर 200 रुपये किया जाएगा।
विधानसभा स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमशः 700, 500 और 400 रुपये होंगे। संसदीय क्षेत्र स्तर पर यह राशि 1,000, 800 और 600 रुपये तथा राज्य स्तर पर 2,000, 1,500 और 1,000 रुपये निर्धारित की गई है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के ओवरऑल विजेता जनपद को दिए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है।
आमवाला में बनेगा मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र
मुख्यमंत्री ने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से सटी रिक्त भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने की घोषणा भी की। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण किया जाएगा। इससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ ही सेना में भर्ती की तैयारी के लिए बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध हो सकेगा।

सरदार पटेल के योगदान को किया याद
राष्ट्रीय एकता दिवस पर मुख्यमंत्री ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने सशक्त और एकजुट भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सबसे पहली पहचान भारतीय होने की है। यही भावना हमें आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने की प्रेरणा देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। गुजरात में स्थापित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी उनके योगदान को चिरस्थायी बनाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे आयोजन सरदार पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम हैं।
युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही देश और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। युवाओं को खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की अपील भी की।
जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे पर जताया दुख
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बदरीनाथ धाम से लौटते समय जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में दिवंगत हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने भगवान बदरी विशाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।


More Stories
श्रीनगर में मुख्यमंत्री धामी का भव्य स्वागत, 9.13 करोड़ की 9 विकास योजनाओं की दी सौगात
महापौर श्री शम्भू पासवान ने आवास विकास की गली नंबर-03 में 11 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य का किया शुभारंभ
उत्तराखण्ड पुलिस को मिला नया गौरवशाली स्वरूप, सीएम धामी ने किया नए ध्वज और प्रतीक चिह्नों का अनावरण