पांच जिलों ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक हासिल की उपलब्धि, प्रदेश में अब तक 89.17 प्रतिशत टीकाकरण पूरा
देहरादून। उत्तराखंड में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रयासों से प्रदेश में अब तक 84,707 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है। यह निर्धारित संशोधित लक्ष्य 95,000 के सापेक्ष 89.17 प्रतिशत उपलब्धि है। खास बात यह है कि प्रदेश के पांच जनपद अपने निर्धारित लक्ष्य से भी अधिक टीकाकरण कर चुके हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 फरवरी को किया था अभियान का शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 फरवरी 2026 को देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया था। अभियान का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे से बचाव प्रदान करना है। इसके तहत 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की पात्र किशोरियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तराखंड के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में निर्धारित 95 हजार के संशोधित लक्ष्य के मुकाबले अब तक 84,707 किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग अभियान को शत-प्रतिशत लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
पांच जिलों ने 100 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य किया हासिल
एचपीवी टीकाकरण अभियान में प्रदेश के पांच जनपदों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए निर्धारित लक्ष्य को पीछे छोड़ दिया है। इनमें पिथौरागढ़ 101.80 प्रतिशत उपलब्धि के साथ सबसे आगे है। वहीं चमोली ने 101.39 प्रतिशत, उत्तरकाशी ने 100.85 प्रतिशत, ऊधम सिंह नगर ने 100.75 प्रतिशत और चम्पावत ने 100.62 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है।
इन जनपदों में निर्धारित लक्ष्य से अधिक किशोरियों का टीकाकरण होना स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों और अभियान की प्रभावी पहुंच को दर्शाता है। अन्य जनपदों में भी पात्र किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए अभियान जारी है।
प्रदेश में अब तक आयोजित हुए 15,895 टीकाकरण सत्र
2 नवंबर 2026 की स्थिति के अनुसार, प्रदेशभर में एक दिन में 43 टीकाकरण सत्र नियोजित किए गए थे, जिनमें से 31 सत्र आयोजित हुए। इन सत्रों के माध्यम से कुल 57 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।
वहीं, अभियान की शुरुआत से अब तक प्रदेश में कुल 16,710 टीकाकरण सत्र नियोजित किए जा चुके हैं, जिनमें से 15,895 सत्र सफलतापूर्वक आयोजित हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि अभियान के माध्यम से प्रत्येक पात्र किशोरी तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाई जाए।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण है एचपीवी वैक्सीन
एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक है। एचपीवी वैक्सीन विशेष रूप से कैंसर के लिए जिम्मेदार प्रमुख वायरस प्रकारों एचपीवी-16 और एचपीवी-18 से बचाव में मदद करती है। निर्धारित आयु में टीकाकरण कराने से भविष्य में एचपीवी संक्रमण और इससे संबंधित सर्वाइकल कैंसर का जोखिम कम करने में महत्वपूर्ण मदद मिलती है।
अभिभावकों से बेटियों का निःशुल्क टीकाकरण कराने की अपील
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तराखंड ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों को एचपीवी का निःशुल्क टीका अवश्य लगवाएं। इसके लिए नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क किया जा सकता है। निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार अभिभावकीय सहमति के साथ टीकाकरण की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
किशोरियों का स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता: धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार किशोरियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और उन्हें गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। एचपीवी टीकाकरण अभियान सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान को उत्तराखंड में प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश के पांच जनपदों का निर्धारित लक्ष्य से आगे निकलना स्वास्थ्य विभाग के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपनी पात्र बेटियों का निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराने की अपील की, ताकि उनका भविष्य स्वस्थ और सुरक्षित बनाया जा सके।
प्रत्येक पात्र किशोरी तक टीकाकरण पहुंचाना लक्ष्य: सुबोध उनियाल
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड में एचपीवी टीकाकरण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार कार्य कर रहा है। प्रदेश में 89.17 प्रतिशत टीकाकरण उपलब्धि और पांच जनपदों का निर्धारित लक्ष्य से आगे निकलना उत्साहजनक है।
उन्होंने कहा कि अभियान का दायरा बढ़ाकर प्रत्येक पात्र किशोरी तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य मंत्री ने भी अभिभावकों से अपनी बेटियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगवाने की अपील की।


More Stories
गृह मंत्री अमित शाह 6 नवंबर को उत्तराखंड स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे, मुख्य सचिव ने लिया तैयारियों का जायजा
सेब की अति सघन बागवानी का प्रशिक्षण लेने हिमाचल रवाना हुए 28 किसान, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने दिखाई हरी झंडी
खटीमा में 14.97 करोड़ की सड़क परियोजना का शिलान्यास,सीएम धामी ने किया भूमि पूजन।