लालकुआं में चेयरमैन और कोतवाल के बीच विवाद गहराया, कोतवाली के बाहर धरने पर बैठे नगर पंचायत अध्यक्ष

Share now

सीओ हल्द्वानी के साथ वार्ता रही बेनतीजा, पूर्व सैनिक संगठन और गणमान्य लोगों ने दिया समर्थन; एसएसपी से कोतवाल को हटाने और निष्पक्ष जांच की मांग

लालकुआं। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और लालकुआं कोतवाली प्रभारी के बीच शुरू हुआ विवाद लगातार गहराता जा रहा है। ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली से विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने की घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने वाले चेयरमैन ने अब कोतवाली प्रभारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कोतवाल पर अभद्रता और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष कोतवाली के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। उनके समर्थन में पूर्व सैनिक संगठन और नगर के कई गणमान्य लोग भी उतर आए हैं। वहीं, हल्द्वानी सीओ के साथ हुई वार्ता भी बेनतीजा रहने के बाद आंदोलन और तेज होने के आसार हैं।

ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली से क्षतिग्रस्त हुआ विद्युत पोल

नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को भेजे शिकायती ज्ञापन में बताया कि मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे आजाद नगर वार्ड नंबर चार में सीओ कार्यालय रोड स्थित सिद्धार्थ ऑप्टिकल के समीप पराल से भरी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने विद्युत पोल को टक्कर मार दी। हादसे में विद्युत पोल और बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर चेयरमैन मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर चालक को वाहन रोकने के लिए कहा। आरोप है कि काफी देर बाद मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी ने घटना की जानकारी लेने के बजाय उनके साथ अभद्र एवं अशोभनीय व्यवहार किया। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कोतवाल पर धक्का-मुक्की करने का भी आरोप लगाया है।

कोतवाली के बाहर धरना, पूर्व सैनिक संगठन का समर्थन

कोतवाली प्रभारी के कथित व्यवहार से नाराज नगर पंचायत अध्यक्ष ने कोतवाली के बाहर धरना शुरू कर दिया। उनके समर्थन में पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारी और नगर के कई गणमान्य लोग भी धरने में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित कोतवाली प्रभारी के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।

चेयरमैन का कहना है कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है। यह मामला केवल उनके व्यक्तिगत सम्मान का नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों की गरिमा से भी जुड़ा हुआ है।

सीओ के साथ वार्ता विफल, मांगों पर अड़े चेयरमैन

विवाद को शांत कराने के लिए हल्द्वानी के क्षेत्राधिकारी सीओ शर्मा लालकुआं कोतवाली पहुंचे और नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी से वार्ता की। हालांकि, काफी प्रयासों के बावजूद दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। वार्ता बेनतीजा रहने के बाद चेयरमैन ने धरना जारी रखने का फैसला लिया।

नगर की सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतावनी

वार्ता विफल होने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ने नगर की सफाई व्यवस्था ठप करने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने एसएसपी नैनीताल से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित कोतवाली प्रभारी को तत्काल हटाने और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

फिलहाल, लालकुआं में नगर पंचायत अध्यक्ष और पुलिस प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। पूर्व सैनिक संगठन और स्थानीय लोगों के समर्थन से आंदोलन को मजबूती मिलने के बाद पुलिस प्रशासन पर मामले का समाधान निकालने का दबाव बढ़ गया है। अब देखना होगा कि पुलिस के उच्चाधिकारी इस विवाद को सुलझाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।