चमोली। पीपलकोटी टनल हादसे का जायजा लेने जा रहे गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर तोता घाटी के पास अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने से उनकी गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, इस हादसे में सांसद अनिल बलूनी बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, चमोली के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे का जायजा लेने के लिए अनिल बलूनी देहरादून से चमोली के लिए रवाना हुए थे। मौसम विभाग की ओर से जारी हाई अलर्ट के बीच वह सड़क मार्ग से पीपलकोटी जा रहे थे।
इसी दौरान तोता घाटी के पास अचानक पहाड़ी से पत्थर सड़क पर आ गिरा और उनकी गाड़ी उसकी चपेट में आ गई। पत्थर की चपेट में आने से वाहन का अगला हिस्सा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि बड़ा पत्थर वाहन के ऊपर नहीं गिरा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि सांसद अनिल बलूनी ने चमोली जाने के लिए यह वाहन किराये पर लिया था। बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे समेत संवेदनशील मार्गों पर यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।


More Stories
आदि गौरव महोत्सव 2026 का देहरादून में भव्य शोभायात्रा के साथ शुभारंभ
ए. आर. रहमान, इम्तियाज़ अली, विशाल-रेखा भारद्वाज और शबाना आज़मी समेत देश की दिग्गज हस्तियां जुटेंगी देहरादून में, 27 नवंबर से शुरू होगा देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की