सेलाकुई के जमनपुर में जन्मदिन समारोह के दौरान विवाद, युवक की चाकू मारकर हत्या

Share now

देहरादून। सेलाकुई थाना क्षेत्र के जमनपुर में सोमवार देर रात बेटी के जन्मदिन के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में हुई कहासुनी और हाथापाई के बाद एक युवक ने 25 वर्षीय राजपाल के सीने पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजपाल को पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से झाझरा स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

बेटी के जन्मदिन के दौरान हुआ विवाद

थाना प्रभारी शैंकी कुमार के अनुसार, सोमवार देर रात कंट्रोल रूम के माध्यम से जमनपुर क्षेत्र में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल राजपाल को तत्काल अस्पताल भिजवाया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उत्तर प्रदेश के पीलीभीत निवासी जितेंद्र कुमार की बेटी का जन्मदिन था। इसी दौरान बिल्डिंग के पास रहने वाले राजपाल और जितेंद्र के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।

शराब के नशे में चाकू से किया वार

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय दोनों ने शराब पी रखी थी। विवाद के दौरान जितेंद्र ने कथित तौर पर चाकू निकालकर राजपाल के सीने पर वार कर दिया। चाकू लगने से राजपाल गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।

पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

10 से 15 दिन पहले भी हुआ था विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि राजपाल और जितेंद्र के बीच करीब 10 से 15 दिन पहले भी खाने-पीने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, इसके बाद से दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस अब पुराने विवाद और सोमवार रात हुई हत्या की घटना के बीच संबंध समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश

घटना के बाद आरोपी जितेंद्र कुमार मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। पंचनामा भरने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।