हरिद्वार: उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी आज से हरिद्वार में दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित करने जा रही है। बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, चुनावी रणनीति और प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लक्ष्य पर मंथन किया जाएगा।
बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे।
कार्यक्रम का उद्घाटन आज सुबह 9 बजे होगा। पहले दिन विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की बैठकें आयोजित की जाएंगी। सुबह 11 बजे संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की कार्यसमिति में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इसके बाद शाम को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी, जिसमें संगठन की कार्यप्रगति और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
वहीं, 22 नवंबर को विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक आयोजित होगी। इसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। बैठक में प्रदेश के विस्तारक, विधानसभा प्रभारी, जनप्रतिनिधि और अन्य अपेक्षित कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।
भाजपा का मुख्य फोकस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने तथा विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर रहेगा।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने हरिद्वार में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जिले की सभी 11 विधानसभा सीटों पर भाजपा बेहतर प्रदर्शन करेगी। गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में हरिद्वार जिले की 11 सीटों में से भाजपा केवल 3 सीटों पर ही जीत दर्ज कर सकी थी। ऐसे में पार्टी के लिए हरिद्वार में अपना प्रदर्शन सुधारना भी एक बड़ी चुनौती होगी।

More Stories
हरिद्वार दौरे पर आज सीएम धामी, संगठन और एआई पर रहेगा फोकस
मां को अंतिम विदाई देते भावुक हुए सीएम योगी
रामनगर में बाघ का हमला, 22 वर्षीय युवक की मौत