रुद्रपुर: विवेक नगर इलाके में स्मार्ट बिजली मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम के साथ विवाद और हंगामे का मामला सामने आया है। आरोप है कि विभागीय कर्मचारियों के साथ अभद्रता की गई, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। मामले में ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बीते 16 मई को विद्युत विभाग की टीम विवेक नगर क्षेत्र में पुराने बिजली मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची थी। टीम में अवर अभियंता कुलदीप सिंह, उपखंड अधिकारी अन्नू अरोरा, विभागीय लाइन स्टाफ और Adani Energy Solutions के कर्मचारी शामिल थे। यह अभियान भारत सरकार की अधिसूचना और नई बिजली व्यवस्था के तहत चलाया जा रहा था। विभागीय कर्मचारी लोगों को स्मार्ट मीटर की उपयोगिता और उसके फायदे भी समझा रहे थे।
स्थानीय लोगों को भड़काने का आरोप
विभागीय तहरीर के अनुसार, जब टीम वार्ड नंबर 7 स्थित एक घर में पहुंची, तब वहां मौजूद एक महिला और एक अन्य व्यक्ति ने कथित तौर पर लोगों को भड़काना शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों ने आसपास के लोगों को इकट्ठा कर स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य रुकवा दिया। इस दौरान विभागीय कर्मचारियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने की बात भी सामने आई है। शिकायत में कहा गया है कि मौके पर मौजूद व्यक्ति ने महिला को घर के अंदर से एक डंडा लाकर दिया। इसके बाद महिला ने गुस्से में पहले से लगे बिजली मीटर पर डंडे से हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के कारण सरकारी कार्य बाधित हुआ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
विभाग ने पुलिस को सौंपे वीडियो और सबूत
विद्युत विभाग की ओर से घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग और स्क्रीनशॉट्स भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। विभाग का दावा है कि वीडियो फुटेज में महिला बिजली मीटर पर डंडे से हमला करती दिखाई दे रही है। इन सबूतों के आधार पर विभाग ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
महेश कांडपाल ने बताया कि विभागीय शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ रही लोगों की नाराजगी
हाल के समय में कई इलाकों में स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों के बीच भ्रम और विरोध देखने को मिल रहे हैं। हालांकि बिजली विभाग का कहना है कि स्मार्ट मीटर से बिजली खपत की सही जानकारी मिलेगी और उपभोक्ताओं को पारदर्शी बिलिंग का फायदा होगा।

More Stories
42वां उत्तराखंड गोल्ड कप: 22 मई से देहरादून में शुरू होगा क्रिकेट का धमाका, 16 टीमें और 10 लाख का इनाम
अब ऑनलाइन होंगे राशन कार्ड से जुड़े सभी काम, यूआरसीएमएस पोर्टल लागू
माँ वाराही धाम का भव्य पुनर्निर्माण बनेगा आस्था और पर्यटन का नया केंद्र : मुख्यमंत्री धामी