देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज सोमवार 10 अगस्त को उत्तराखंड के अधिकांश स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। केंद्र ने आज देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी कई स्थानों पर तेज बारिश के दौर के साथ गरज और बिजली चमकने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। बारिश के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने जैसी परिस्थितियों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की स्थिति पर नजर रखने की अपील की है। विशेष रूप से पर्वतीय और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


More Stories
चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 50 लाख पार श्रद्धालुओं की संख्या; CM धामी ने कसी व्यवस्थाओं की कमर
किशाऊ बांध परियोजना पर आज छह राज्यों के बीच होगा MoU, अमित शाह की अध्यक्षता में समारोह
सीटीईटी-2026 की परीक्षा 12 और 13 दिसंबर को, सीबीएसई ने जारी की तारीख