चमोली: अस्पताल परिसर में गिरी क्षतिग्रस्त दीवार, पीएचसी प्रभारी डॉ. नवीन डिमरी की दर्दनाक मौत, स्वास्थ्य विभाग में शोक

Share now

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के नारायणबगड़ विकासखंड से स्वास्थ्य विभाग के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) नारायणबगड़ के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन डिमरी की शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई. हादसे की खबर फैलते ही स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को डॉ. नवीन डिमरी अस्पताल परिसर के समीप स्थित आवासीय भवन के पीछे क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का निरीक्षण कर रहे थे. इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और वह उसकी चपेट में आ गए. हादसे में डॉ. डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए.

अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल उन्हें प्राथमिक उपचार दिया. उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने 108 एंबुलेंस की सहायता से हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. डॉ. नवीन डिमरी लंबे समय से पीएचसी नारायणबगड़ में प्रभारी चिकित्साधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे. अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और मरीजों के प्रति समर्पित कार्यशैली के कारण वे क्षेत्र में बेहद लोकप्रिय थे.

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने हर परिस्थिति में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया और इसी कारण जनता उन्हें अत्यंत सम्मान की दृष्टि से देखती थी. स्थानीय युवक संजय कंडारी, भाजपा नेता कमलेश सती और जिला पंचायत सदस्य व भाजपा नेता सुरेंद्र कनेरी सहित कई लोगों ने डॉ. डिमरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके जाने से क्षेत्र ने एक संवेदनशील और कर्तव्यनिष्ठ चिकित्सक खो दिया है. उन्होंने कहा कि डॉ. डिमरी हमेशा मरीजों की सेवा के लिए तत्पर रहते थे और उनका व्यवहार सभी के प्रति बेहद आत्मीय था.

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षतिग्रस्त दीवार गिरने से डॉ. नवीन डिमरी गंभीर रूप से घायल हुए थे और हायर सेंटर ले जाते समय उनका निधन हो गया. उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है. डॉ. नवीन डिमरी के असामयिक निधन से स्वास्थ्य विभाग, उनके सहयोगियों और क्षेत्रवासियों में गहरा शोक है. लोग उन्हें एक समर्पित, कर्मठ और जनसेवा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध चिकित्सक के रूप में याद कर रहे हैं.

Trending News