देहरादून: मंदिर के पास बोरे में मिला महिला का शव, इलाके में फैली दहशत
राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। भाउवाला स्थित बालासुंदरी मंदिर के पास जंगल में बोरे में बंद एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों को जंगल में पड़े एक बोरे से तेज बदबू आने लगी। संदेह होने पर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बोरे को खोलकर देखा तो उसमें एक महिला का शव मिला।
बताया जा रहा है कि मृतका की उम्र करीब 35 वर्ष के आसपास है।
पुलिस के अनुसार शव की हालत देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि महिला की हत्या करीब 3 से 4 दिन पहले की गई है। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए बोरे में बंद कर जंगल में फेंक दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस महिला की पहचान कराने की कोशिश कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।


More Stories
मुख्यमंत्री ने प्रदान की विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए ₹ 70 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति।
उत्तराखंड के युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देने की तैयारी, हर जिले में स्थापित होंगे प्रशिक्षण केंद्र
डिफेंस लेबल लगाकर लाई गई शराब की खेप, ऋषिकेश में क्रेटा कार से 10 पेटी अवैध शराब बरामद, एक गिरफ्तार