प्रसिद्ध पर्वतारोही और समाजसेवी धर्मशक्तू का निधन, सीमांत में शोक की लहर

Share now

पिथौरागढ़। जाने-माने पर्वतारोही, समाजसेवी और भारत संचार निगम लिमिटेड के सेवानिवृत्त अधिकारी पुरमल सिंह धर्मशक्तू का निधन हो गया है। उनके निधन से पूरे सीमांत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वह पिछले कुछ हफ्तों से किडनी संबंधी गंभीर बीमारी के चलते हल्द्वानी के एक अस्पताल में उपचाराधीन थे, जहां उन्होंने रविवार को अंतिम सांस ली और दुनिया को अलविदा कह दिया।

पुरमल सिंह धर्मशक्तू को उनके सेवाकाल के दौरान और उसके बाद भी सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने के लिए जाना जाता था। वह हमेशा जरूरतमंद लोगों की मदद को तत्पर रहते थे। उन्होंने विशेष रूप से नौजवानों को पर्वतारोहण के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए बहुत कार्य किए, जिस कारण वह युवाओं के लिए एक सच्चे प्रेरणा स्रोत बन गए थे। उनके निधन को समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके परिवार में अब दो बेटी और एक बेटा हैं। दुखद यह है कि एक लंबी बीमारी के बाद पिछले वर्ष ही उनकी धर्मपत्नी का भी निधन हो गया था। उनके निधन की खबर मिलते ही जिले के विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों के लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

Trending News