खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्त हुई सरकार, UPES की मेस और कैफेटेरिया का निरीक्षण

Share now

पानी, दाल और सब्जी के नमूने जांच के लिए भेजे; खाद्य सुरक्षा से जुड़े दस्तावेजों की भी हुई पड़ताल

देहरादून, 16 अक्टूबर। उत्तराखंड में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) विभाग ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को देहरादून स्थित यूपीईएस (UPES) विश्वविद्यालय की मेस और कैफेटेरिया का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही पानी, पकी हुई दाल और सब्जी के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री के दिशा-निर्देशों और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय के निर्देश पर विभाग की टीमें खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही हैं।

खाद्य सुरक्षा से जुड़े दस्तावेजों की जांच

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विश्वविद्यालय की मेस और कैफेटेरिया में खाद्य लाइसेंस, पानी की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट और फूड सेफ्टी ट्रेनिंग से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराए गए।

इसके अलावा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का आकलन करने के लिए पानी, पकी हुई दाल और सब्जी के नमूने एकत्र किए गए। इन नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन या किसी प्रकार की अनियमितता की पुष्टि होती है, तो संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से समझौता नहीं

विश्वविद्यालयों की मेस और कैफेटेरिया में बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रतिदिन भोजन करते हैं। ऐसे में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। विभाग का उद्देश्य खाद्य प्रतिष्ठानों में निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना और किसी भी संभावित लापरवाही पर समय रहते कार्रवाई करना है।

प्रदेशभर में जारी रहेगा निरीक्षण अभियान

खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार आम जनता को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। शैक्षणिक संस्थानों की मेस और कैफेटेरिया में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन विशेष रूप से आवश्यक है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान दस्तावेजों, स्वच्छता व्यवस्था और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, विकासनगर मंजू तिवारी और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, नगर निगम देहरादून रमेश सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। आयुक्त के निर्देश पर प्रदेशभर में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण का अभियान जारी है।