सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग और फायरिंग पर एसएसपी दून सख्त, दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में फायरिंग और मारपीट की घटना के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट, वाहनों में तोड़फोड़ और फायरिंग की गई थी। घटना में एक युवक गोली लगने से घायल हुआ था। पुलिस की अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि पटेलनगर क्षेत्र में स्विफ्ट कार सवार युवकों ने फायरिंग की है और एक युवक घायल हुआ है। सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ की। घायल युवक साहिल को उसके साथियों ने उपचार के लिए महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया।
घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के दौरान सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, एक पक्ष के सुजल, अंशुल, आदित्य, आर्यन, विशाल, दक्ष, साहिल समेत अन्य युवकों ने दूसरे पक्ष के गुरमीत, रमन, अमन और रोहित के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और वाहन में तोड़फोड़ की।
वहीं, दूसरे पक्ष के गुरमीत और उसके साथियों पर आईटीएस कॉलेज के पास पहले फायरिंग करने का आरोप है। इसके बाद पहले पक्ष के युवकों द्वारा पीछा किए जाने पर कार सवार युवकों ने शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूडस चौक के पास दोबारा फायरिंग की। इस दौरान साहिल को गोली लग गई।
सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क से गुजर रहे लोगों में भी भय का माहौल पैदा हो गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों के 11 नामजद और अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा अपराध संख्या 545/26 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 125, 191(2), 3(5) और 352 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों में से चार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुजल पाल (21), आदित्य मलिक (23), अंशुल (23) और आर्यन (22) के रूप में हुई है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
एसएसपी दून ने स्पष्ट किया है कि पढ़ाई की आड़ में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट और फायरिंग जैसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
- सुजल पाल (21) पुत्र अरविंद कुमार, निवासी जलालाबाद भवन, जिला शामली, उत्तर प्रदेश।
- आदित्य मलिक (23) पुत्र कविंद्र मलिक, निवासी चंद्रणी कौशल्या एनक्लेव, पटेलनगर।
- अंशुल (23) पुत्र शिव कुमार, निवासी शिकारपुर, थाना मंगलौर, जिला हरिद्वार, हाल पता मेडिकल कॉलेज के पास, पटेलनगर।
- आर्यन (22) पुत्र कुलवीर सिंह, निवासी बरसी, थाना तीतरो, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।
पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसाईं, व0उ0नि0 प्रमोद शाह, उपनिरीक्षक विनोद कुमार, उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह, उपनिरीक्षक बलवीर सिंह रावत, कांस्टेबल राजदीप मलिक और कांस्टेबल राहुल कुमार शामिल रहे।

More Stories
BTIndia@100 में धामी का बड़ा ऐलान: उत्तराखंड बनेगा देश की औद्योगिक ग्रोथ का नया इंजन, मारुति-हुंडई को निवेश का न्योता
निजी कॉलेजों के लंबित संबद्धता विस्तार प्रकरण का मामला राजभवन पहुंचा
3rd International Smart & Future Cities Conclave 2026 में ‘Evolving Uttarakhand – Rising India’ थीम पर वैश्विक मंथन