देहरादून: कांग्रेस के ‘छात्रों की गूँज’ कार्यक्रम में शिक्षा भ्रष्टाचार, पेपर लीक और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा

Share now

देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देशानुसार महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून ने आज कांग्रेस भवन में “छात्रों की गूँज” विषय पर वीडियो प्रेजेंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा युवाओं एवं छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर दिए गए विचारों और वीडियो को कांग्रेसजनों, छात्रों तथा आम नागरिकों ने देखा।

शिक्षा व्यवस्था पर सवाल

इस अवसर पर वक्ताओं ने प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में हो रही देरी, युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा की मौजूदा चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।

वक्ताओं ने कहा कि इन गंभीर मुद्दों पर जनजागरण और जनदबाव बनाना समय की मांग है, ताकि युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे अन्याय को रोका जा सके।

डॉ. जसविंदर सिंह गोगी का बयान

महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश के युवाओं, छात्रों और बेरोजगार युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाते रहे हैं।

“छात्रों की गूँज” कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों की वास्तविक समस्याओं को जन-जन तक पहुंचाना और शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार तथा भर्ती प्रक्रियाओं की अनियमितताओं के खिलाफ जनमत तैयार करना है। कांग्रेस पार्टी युवाओं के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी।”

डॉ. गोगी ने आगे कहा, “उत्तराखंड का युवा आज रोजगार, पारदर्शी भर्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मांग कर रहा है। सरकार को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करना होगा और जवाबदेही तय करनी होगी। कांग्रेस युवाओं के हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।”

संकल्प और उपस्थिति

कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक संघर्ष करने का संकल्प लिया।

इस मौके पर प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी, प्रदेश अध्यक्ष महिला कांग्रेस ज्योति रौतेला, सुमित्तर भुल्लर, अमरजीत सिंह, सुनील जयसवाल, जगदीश धीमन, जिला अध्यक्ष NSUI हिमांशु, महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष तेजस्वी राणा, विनीत भट्ट बंटू, रोबिन त्यागी, मोनिका चौधरी, अर्जुन पासी, संजय उनियाल, गगन छाजर, अनूप कपूर, आदर्श सूद, वीरेंद्र पंवार सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।