PM मोदी से राज्यपाल गुरमीत सिंह की मुलाकात, AI यूनिवर्सिटी पर हुई बड़ी चर्चा

Share now

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रदेश में बारहमासी पर्यटन, स्वयं सहायता समूहों, होम-स्टे एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुई उल्लेखनीय प्रगति के लिए केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग के लिए प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।

भेंट के दौरान राज्यपाल ने प्रदेश के समग्र विकास, जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों एवं समसामयिक मुद्दों पर प्रधानमंत्री को जानकारियां साझा कीं।

राज्यपाल ने इस दौरान भविष्य के विश्वविद्यालयों जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग और मेटावर्स जैसे विषय शामिल हों, पर भी वार्ता की। राज्यपाल ने कहा कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री की ओर से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण को लेकर समस्त उत्तराखंडवासियों में विशेष उत्साह है और सभी इसकी उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे हैं।

इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रधानमंत्री को अपने भाषणों पर आधारित पुस्तक आत्मा के स्वर भेंट की। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय पर अपनी स्वलिखित पुस्तक एबसोल्यूट इंटेलीजेंस व प्रज्ञा भी उन्हें भेंट की।