रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक कथित फर्जी डॉक्टर पकड़ा गया है. आरोप है कि युवक खुद को डॉक्टर बताकर आयुर्वेदिक दवाइयों में एलोपैथिक दवाएं मिलाकर लोगों को दे रहा था. शिकायत मिलने पर प्रशासन हरकत में आया और मौके पर छापेमारी कर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया. फिलहाल दवाओं के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
दिनेशपुर थाना क्षेत्र में अवैध तरीके से इलाज और दवाइयों के गोरखधंधे का बड़ा मामला सामने आया है. लोगों का आरोप है कि पीलीभीत निवासी एक युवक खुद को डॉक्टर बताकर लोगों का इलाज कर रहा था. आरोप है कि वह आयुर्वेदिक दवाइयों में एलोपैथिक दवाएं मिलाकर मरीजों को दे रहा था, जिससे लोगों की सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा था. स्थानीय लोगों द्वारा लगातार इसकी शिकायत प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को दी जा रही थी. शिकायत के आधार पर दिनेशपुर पुलिस, आयुर्वेदिक स्वास्थ्य विभाग की टीम और ऋचा सिंह ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की.
टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित क्लीनिक और दवाइयों की जांच की, जहां कई संदिग्ध दवाइयां बरामद हुईं. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी केवल 12वीं पास है, लेकिन वह खुद को डॉक्टर बताकर लंबे समय से लोगों का इलाज कर रहा था. अधिकारियों ने मौके से बड़ी मात्रा में दवाइयां कब्जे में लीं. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बरामद दवाओं के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है. कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने क्लीनिक में मौजूद दस्तावेजों और लाइसेंस की भी जांच की. प्रारंभिक जांच में कई अनियमितताएं सामने आने की बात कही जा रही है. बताया गया है कि पिछले 1 साल फर्जी डॉक्टर मरीजों का उपचार कर रहा था.
अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के पास वैध चिकित्सकीय डिग्री और आवश्यक अनुमति से जुड़े दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं पाए गए. इस मामले में ड्रग इंस्पेक्टर उधम सिंह नगर ने बताया कि बरामद दवाओं की सैंपलिंग कर ली गई है. प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. वहीं पुलिस भी मामले की जांच में जुटी हुई है.
घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों पर लगाम लगाई जा सके.

More Stories
हल्द्वानी: दो नशा मुक्ति केंद्रों के संयुक्त निरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं उजागर
श्रीनगर क्षेत्र को मिली विकास योजनाओं की सौगात: कैबिनेट मंत्री ने आधुनिक शिक्षा लैब का किया शुभारंभ
बेटियों की शिक्षा को मिली उड़ान: आज 39 बालिकाएं बनीं “नंदा-सुनंदा” DM ने वितरित किए 12.98 लाख के चेक