देहरादून में स्कॉर्पियो के सीक्रेट केबिन से ₹1.55 करोड़ कैश बरामद

Share now

देहरादून में चेकिंग के दौरान कैंट पुलिस ने स्कॉर्पियो के सीक्रेट केबिन से करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपए की नगदी बरामद की है। गाड़ी में सवार गुजरात के तीन लोग कैश से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए। मामले की सूचना मिलते ही आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अब हवाला, टैक्स चोरी समेत कई एंगल पर जांच की जा रही है।

शुक्रवार को कैंट पुलिस सिरमौर मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान MH12XT 3245 नंबर की महिंद्रा स्कॉर्पियो संदिग्ध दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोककर पूछताछ शुरू की, लेकिन चालक दस्तावेज दिखाने के बजाय पुलिस को इधर-उधर की बातें करने लगा।

इस पर पुलिस का शक गहरा गया और सख्ती से पूछताछ की गई। इसके बाद चालक ने गाड़ी में भारी मात्रा में कैश होने की बात कबूल की।

चालक ने पुलिस को बताया कि नगदी गाड़ी की बीच और पिछली सीटों के बीच बनाए गए सीक्रेट केबिन में रखी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने आयकर विभाग को मौके पर बुलाया।

पुलिस और आयकर विभाग की मौजूदगी में जब वाहन की तलाशी ली गई तो गुप्त केबिन से नोटों से भरे पैकेट बरामद हुए। शुरुआती जांच में रकम करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपए आंकी गई है।

पूछताछ में वाहन चालक की पहचान गुजरात निवासी सतीश भाई के रूप में हुई। वह बरामद रकम से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया। उसने पुलिस को बताया कि यह कैश बनारस से लाया जा रहा था और उसे वाहन में बैठे जसवंत नाम के व्यक्ति को सौंपना था।

पुलिस जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो में सवार तीनों लोग गुजरात के रहने वाले हैं। इनमें सतीश भाई, ठाकुर जसवंत संघ बनाजी और सचिन पटेल शामिल हैं।

फिलहाल पुलिस ने स्कॉर्पियो को सीज कर दिया है। आयकर विभाग तीनों संदिग्धों से पूछताछ कर रहा है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई और इसका इस्तेमाल किस काम में होना था। मामले में हवाला, टैक्स चोरी और चुनावी फंडिंग जैसे एंगल भी जांच के दायरे में हैं।