देहरादून में नए LPG कनेक्शन पर रोक, हजारों आवेदक इंतजार में

Share now

देहरादून। घरेलू गैस कनेक्शन लेने के लिए आवेदक कभी गैस एजेंसी तो कभी डीएसओ कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन राहत मिलती नहीं दिख रही। वहीं, गैस एजेंसियों के पोर्टल पर आवेदनों का बोझ बढ़ता जा रहा है। उधर, नये कनेक्शन नहीं मिलने से लोगों में परेशान व निराश हैं।

पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होते ही गैस उपभोक्ताओं की परेशानियां बढ़ती चली गई। स्थिति को नियंत्रित व सामान्य बनाने रखने के लिए तमाम उपाय व व्यवस्थाएं लागू की गई।

एजेंसियों पर बढ़ते बैकलाग, उपभोक्ताओं की भीड़ व कालाबाजारी को रोकने के लिए पुलिस व प्रशासन की टीम को मैदान में उतरना पड़ा, लेकिन अब गैस आपूर्ति सामान्य स्थिति में है।

नए घरेलू गैस कनेक्शन अभी तक बंद हैं

बीते दिनों अधिकांश बंदिशों को हटा दिया गया, लेकिन नये घरेलू गैस कनेक्शन अभी तक बंद है। नये कनेक्शन के लिए आवेदन करने में नये मकानों में रह रहे परिवार, किरायेदार व पहली बार गैस कनेक्शन लेने वाले लोग शामिल है। ताजा स्थिति में जिले की विभिन्न तेल कंपनियों की 70 गैस एजेंसियों के पोर्टल पर 1670 आवेदन लंबित हैं। नये कनेक्शन लेने के लिए लोग आनलाइन व एजेंसियों के कार्यालय में जाकर आवेदन कर रहे हैं, लेकिन कनेक्शन कब जारी होगा।

एजेंसी प्रबंधन भी बताने की स्थिति में नहीं हैं। ऐसे में उपभोक्ता कभी एजेंसी तो कभी डीएसओ कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों से कनेक्शन खुलने की जानकारी कर रहे हैं। बता दें कि केंद्र सरकार की ओर से तेल कंपनियों के नये कनेक्शन जारी करने पर रोक लगाई गई है।

जिले में तीन तेल कंपनियों की 70 गैस एजेंसियां संचालित हो रही हैं। इसमें इंडियन आयल कारपोरेशन की 53, भारत पेट्रोलियम की 10 व हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 7 एजेंसियों कार्यरत हैं। ताजा स्थिति में इंडेन पर 730, भारत गैस पर 300 व एचपी पर 640 आवेदन लंबित हैं।