डीएलएड प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, 650 सीटों के लिए 18 नवंबर को होगी परीक्षा

Share now

देहरादून। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने दो वर्षीय डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन) प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 6 अक्तूबर तक परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.ukdeled.com के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

बोर्ड सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल के अनुसार, डीएलएड में प्रवेश के लिए 18 नवंबर को प्रदेश के 29 शहरों में प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस प्रवेश परीक्षा के माध्यम से कुल 650 सीटों पर अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।

कुल सीटों में से 325 सीटें विज्ञान वर्ग तथा 325 सीटें कला एवं वाणिज्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित हैं। प्रत्येक जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में दोनों वर्गों के लिए 50-50 सीटें निर्धारित की गई हैं। प्रवेश परीक्षा में प्राप्त मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों को संबंधित डायट में डीएलएड प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में प्रवेश दिया जाएगा।

प्रवेश परीक्षा शुल्क

अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क वर्ग के अनुसार निर्धारित किया गया है। सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थियों को 600 रुपये, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को 300 रुपये, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को 150 रुपये परीक्षा शुल्क देना होगा।

डीएलएड प्रशिक्षण की वार्षिक फीस 35 हजार रुपये निर्धारित की गई है। स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा में शामिल होकर दो वर्षीय डीएलएड प्रशिक्षण में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन की अंतिम तिथि: 6 अक्तूबर
प्रवेश परीक्षा: 18 नवंबर
कुल सीटें: 650
आवेदन वेबसाइट: www.ukdeled.com