हवाई यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और डिजिटल अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर अहम पहल की गई है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अधीन संचालित जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर यात्री-केंद्रित अत्याधुनिक सुविधाओं का शुभारंभ किया गया। इन सुविधाओं का उद्घाट नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने वर्चुअल माध्यम से किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा ने कहा कि केंद्र सरकार हवाई यात्रा को किफायती, सुरक्षित और सभी वर्गों के लिए सुलभ बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए देशभर के हवाई अड्डों पर आधुनिक और डिजिटल सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने कहा कि यात्रियों को सहज, समयबद्ध और आरामदायक यात्रा अनुभव देना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। नई सुविधाओं से चेक-इन, सुरक्षा जांच और प्रतीक्षा समय में उल्लेखनीय सुधार होगा।
यात्रियों के लिए शुरू हुईं ये प्रमुख सुविधाएं
डिजी यात्रा: बायोमेट्रिक तकनीक आधारित यह सुविधा बिना कागज और संपर्क रहित यात्रा को बढ़ावा देगी।
निःशुल्क वाई-फाई: यात्रियों को 45 मिनट तक मुफ्त हाई-स्पीड इंटरनेट की सुविधा मिलेगी।
किड्स जोन: बच्चों और परिवारों के लिए सुरक्षित व आकर्षक खेल क्षेत्र विकसित किया गया है।
फ्लाईब्ररी: सुरक्षा जांच क्षेत्र में पुस्तकालय की शुरुआत की गई है, जहां यात्री प्रतीक्षा के दौरान पढ़ने का आनंद ले सकेंगे।
जॉलीग्रांट एयरपोर्ट प्रबंधक भूपेश नेगी ने कहा कि जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर शुरू की गई ये सुविधाएं यात्रियों के सफर को आसान, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में यात्रियों की जरूरतों के अनुसार और भी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

More Stories
Future Police Chiefs Get First-Hand Lesson in Disaster Resilience at SDRF Dehradun
कौडियाला में दर्दनाक हादसा: ट्रक से भिड़ी कार, महिला की मौत, 7 घायल
हल्द्वानी में बवाल: मदरसन कंपनी गेट पर प्रदर्शन, पूर्व मंत्री हरीश पनेरु समेत 4 नेता हिरासत में