भवाली/नैनीताल: नैनीताल के सैनिटोरियम के पास भवाली बाईपास पर आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ पर्यटकों से भरा एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों और चालक समेत कुल पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सभी मृतक उधमसिंह नगर के खटीमा के निवासी थे और नैनीताल घूमने आए थे।
खटीमा से नैनीताल घूमने आया था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खटीमा निवासी भूपेंद्र सिंह चुफाल अपने परिवार के साथ गर्मियों की छुट्टियाँ मनाने नैनीताल आए थे। भवाली बाईपास के समीप अचानक उनका वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे गहरी खाई में जा गिरा। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांचों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस, SDRF और SSB ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन-
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और एसएसबी (SSB) की टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं। गहरी खाई और कठिन परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को खाई से बाहर निकाला। सभी शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम और आगे की कार्रवाई के लिए भवाली अस्पताल भेज दिया गया है। घटना के बाद से मृतकों के गृह क्षेत्र खटीमा में कोहराम मचा हुआ है।
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- भूपेंद्र सिंह चुफाल (उम्र 48 वर्ष) – निवासी: खटीमा
- सीमा कैड़ा चुफाल (उम्र 45 वर्ष) – पत्नी भूपेंद्र सिंह चुफाल
- वासु चुफाल (उम्र 19 वर्ष) – पुत्र भूपेंद्र सिंह चुफाल
- रवी चुफाल (उम्र 12 वर्ष) – पुत्री भूपेंद्र सिंह चुफाल
- अनुज कुमार मिश्रा (उम्र 34 वर्ष, चालक) – पुत्र दया सागर मिश्रा, निवासी: अफसर नगर, एलपीजी गोदाम, आलम नगर, लखनऊ।

More Stories
उत्तराखंड में पेट्रोल-डीजल और गैस का पर्याप्त स्टॉक: IOCL
एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई, हरभजवाला से बाईपास तक अवैध निर्माण सील
सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक पर POCSO एक्ट में मुकदमा, दो छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप